लावालौंग। चतरा: झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद (JEPC) के तत्वावधान में जिले के बीआरपी एवं सीआरपी के लिए आयोजित ई-विद्यावाहिनी आधारित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का प्रथम बैच 22 एवं 23 जून को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य बीआरपी एवं सीआरपी की डिजिटल मॉनिटरिंग, शैक्षणिक अनुश्रवण तथा ई-विद्यावाहिनी पोर्टल के प्रभावी उपयोग संबंधी क्षमता का विकास करना है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए बीआरपी एवं सीआरपी ने सक्रिय सहभागिता निभाई। इस दौरान प्रतिभागियों को ई-विद्यावाहिनी प्रणाली के विभिन्न मॉड्यूल, विद्यालय अनुश्रवण, डेटा प्रविष्टि, रिपोर्टिंग एवं शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में एपीओ विनय जायसवाल, एसपीएमयू से उमा शंकर, मास्टर ट्रेनर ज्योति तथा रूम टू रीड के जिला शैक्षणिक समन्वयक (DAC) उत्सव आनंद ने प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया। प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें व्यावहारिक अभ्यास भी कराया, ताकि वे ई-विद्यावाहिनी प्रणाली का उपयोग बेहतर ढंग से कर सकें। प्रशिक्षण के अगले चरण के तहत द्वितीय बैच का आयोजन 24 एवं 25 जून को किया जाएगा, जबकि तृतीय बैच का प्रशिक्षण 1 एवं 2 जुलाई को संपन्न होगा। तीनों चरणों के माध्यम से जिले के सभी बीआरपी एवं सीआरपी को ई-विद्यावाहिनी प्रणाली में दक्ष बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रशिक्षण के सफल आयोजन पर अधिकारियों एवं प्रतिभागियों ने इसे विद्यालयों में शैक्षणिक अनुश्रवण को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।