बीजेपी की निलंबित प्रवक्ता नुपूर शर्मा और निष्कासित नेता नवीन जिंदल ने पैगंबर मुहम्मद पर जो विवादास्पद टिप्पणी की थी उसका असर शुक्रवार की नमाज के बाद रांची में भी देखने को मिला। यहां हिंसक विरोध प्रदर्शन के दौरान घायल दो लोगों की मौत हो गई है। इसकी पुष्टि रिम्स अस्पताल ने की। अस्पताल ने कहा, ‘रांची में हुई हिंसा के बाद राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) लाए गए कुल घायलों में से दो लोगों की मौत हो गई है।
रांची में जुमे की नमाज के बाद पथराव, वाहनों में आगजनी और तोड़फोड़ के बाद प्रदर्शन हिंसक हो गया था। इसमें कई लोग घायल हो गए थे। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जिला प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए रांची के हिंसा प्रभावित इलाकों में कर्फ्यू लगा दिया जिससे स्थिति नियंत्रण में आई। शहर में विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर रविवार सुबह तक रांची में सभी इंटरनेट सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है।
रांची जिला प्रशासन ने शनिवार को बताया कि फिलहाल रांची के 12 थाना क्षेत्रों में सीआरपीसी की धारा 144 लागू है। स्थिति नियंत्रण में है और इसकी निगरानी की जा रही है। सुरक्षाकर्मियों की भारी तैनाती की गई है। सीसीटीवी फुटेज और वीडियो की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। हिंसक प्रदर्शन करने वालों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। कल सुबह तक इंटरनेट सेवाएं बंद रहेंगी।
Jharkhand | Security forces deployed alongside imposition of Sec 144 in 12 PS areas of Ranchi. Visuals from & near the temple which was affected in yesterday's protest & violence
— ANI (@ANI) June 11, 2022
The district administration has also extended suspension of internet services till tomorrow morning pic.twitter.com/zdBb1X8dvP
रांची पुलिस के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) अनीश गुप्ता ने कल कहा था कि स्थिति थोड़ी तनावपूर्ण होने के बावजूद भी नियंत्रण में है। विभिन्न खाड़ी देशों द्वारा पैगंबर के खिलाफ विवादास्पद टिप्पणी के खिलाफ नाराजगी व्यक्त करने के बाद, पंजाब, दिल्ली और उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों में विरोध प्रदर्शन हो रहा है। पंजाब में प्रदर्शनकारियों ने बर्खास्त नेताओं की गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं यूपी में जुमे की नमाज के बाद पथराव और नारेबाजी की घटनाएं हुईं। वहीं दिल्ली के जामा मस्जिद में भी नारेबाजी की गई।