लावालौंग। प्रतिनिधि
विधायक प्रतिनिधि संजय कुमार सिंह ने वीडिओ अमित कुमार से मिलकर उन्हें क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया। संजय सिंह ने बताया कि विगत कई महीनों पूर्व मदंडीह गांव में कुछ लाभुकों के द्वारा कूप निर्माण का कार्य पूरा कर दिया गया है, लेकिन उसकी राशि का भुगतान अब तक नहीं किया गया है। साथ ही बरसात के दिनों में कई ग्रामीणों के घर बारिश की भेंट चढ़ गए, जिसके कारण लोग तिरपाल में गुजर-बसर करने को मजबूर हैं। संजय सिंह ने वैसे परिवारों के लिए मकान की मरम्मत तथा कूप निर्माण का राशि जल्द भुगतान करने का आग्रह किया। जो फिलहाल आर्थिक समस्याओं से जूझ रहे हैं। जिसके बाद समस्याओं को संज्ञान में लेते हुए वीडिओ अमित कुमार ने आश्वासन दिया कि जल्द ही कूप निर्माण की राशि का भुगतान करा दिया जाएगा और जितने लोगों ने अपने गिरे हुए मकान को लेकर आवेदन दिया था, उनके आवेदनों पर विचार कर उनके समस्याओं के समाधान कराने की कोशिश की जाएगी।