इटखोरी। कहते हैं इश्क और जंग में सब जायज है, इसी बात को चरितार्थ करते हुए एक विवाहिता ने अपने देवर से विवाह कर लिया। मामला चतरा जिले के इटखोरी थाना क्षेत्र स्थित पितीज गांव का है। ग्रामीणों के अनुसार गाँव के समुंदर दांगी के पुत्र सिंटू दांगी की शादी 2019 में रूबी कुमारी के साथ हुई थी। दोनों ने अग्नि को साक्षी मानकर एक दूसरे का जीवनभर साथ निभाने का वादा किया था। विवाह के बाद दोनों को एक बेटा भी हुआ है। उसके बाद पत्नी व बेटे को बेहतर जीवन देने के उद्देश्य से सिंटू कमाने के लिए दुसरे राज्य चला गया। इधर पत्नी रूबी अपने देवर बिटू दांगी को दिल दे बैठी और दोनों के बीच प्यार परवान चढ़ता गया और दोनों ने साथ जीने मरने की कसम खा ली। इस प्रेम कहानी की चर्चा गांव में आम होने पर दोनों के परिजन जमा हुए और प्रेमी युगल को समझाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों अपने निर्णय पर अड़िग रहे। उसके बाद दोनों की शादी शुक्रवार को इटखोरी स्थित माँ भद्रकाली मंदिर में परिजनों के उपस्थिति में विधि विधानपूर्वक करा दी गई। फिलहाल विवाहिता का पति मुबई में है।