चतरा। मॉडल कॉलेज चतरा में शनिवार को इतिहास विषय पर एक विशेष ऑनलाइन कक्षा का आयोजन किया गया। यह कक्षा दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रख्यात इतिहासकार प्रोफेसर डॉ. अमित कुमार सुमन द्वारा दिनांक 07 फरवरी 2026 को पूर्वाह्न 11:30 बजे से अपराह्न 1:00 बजे तक संचालित की गई। कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी शिक्षक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
ऑनलाइन कक्षा का शुभारंभ विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग के माननीय कुलपति प्रो. डॉ. चन्द्रभूषण शर्मा के प्रेरक संबोधन से हुआ। कुलपति महोदय ने डॉ. अमित कुमार सुमन का परिचय कराते हुए उनका स्वागत किया और कहा कि देश-विदेश में व्याख्यान देने वाले विद्वान का चतरा जैसे अपेक्षाकृत पिछड़े जिले के विद्यार्थियों के लिए समय निकालना अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने इस पहल के लिए डॉ. सुमन को धन्यवाद देते हुए महाविद्यालय प्रशासन, शिक्षक एवं छात्र-छात्राओं को भी सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
डॉ. अमित कुमार सुमन ने स्मार्ट बोर्ड के माध्यम से विद्यार्थियों को झारखंड एवं चतरा के इतिहास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने इतिहास को रोचक ढंग से प्रस्तुत करते हुए समसामयिक संदर्भों से भी जोड़ा। व्याख्यान के दौरान प्रश्नोत्तरी सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें ज्योति कुमारी, आशिया प्रवीण, प्रभात कुमार, गोविन्द तुरी सहित कई छात्र-छात्राओं के प्रश्नों का सरल और सहज तरीके से समाधान किया गया। अंत में उन्होंने विद्यार्थियों की करियर संबंधी जिज्ञासाओं का भी मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रभारी प्राचार्य डॉ. मनीष दयाल ने डॉ. अमित कुमार सुमन, कुलपति महोदय एवं सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि चतरा जैसे क्षेत्र में, जहां शिक्षकों का अभाव है, वहां इस प्रकार की ऑनलाइन कक्षाएं एक शैक्षणिक क्रांति का संकेत हैं, जो कुलपति प्रो. डॉ. चन्द्रभूषण शर्मा के कुशल मार्गदर्शन और दूरदर्शी सोच का परिणाम है। उन्होंने भविष्य में विभिन्न विषयों पर देश-विदेश के विशेषज्ञों द्वारा और भी ऑनलाइन कक्षाएं आयोजित किए जाने की जानकारी दी। कार्यक्रम के सफल संचालन में तकनीकी सहायक के रूप में प्रवीर कुमार सिंह एवं शशि मित्तल के साथ-साथ अंकज सिन्हा, बजरंग कुमार एवं अन्य महाविद्यालय कर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।