चतरा। पीएम श्री उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय, मोकतमा में विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) का गठन शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं लोकतांत्रिक वातावरण में मतदान प्रक्रिया के माध्यम से संपन्न हुआ। निर्वाचन में अभिभावकों एवं संबंधित सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा मतदान के उपरांत 25 सदस्यीय विद्यालय प्रबंधन समिति का गठन किया गया।
मतगणना के उपरांत संजय कुमार यादव को विद्यालय प्रबंधन समिति का अध्यक्ष तथा माधुरी कुमारी को उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया। इस अवसर पर मोकतमा पंचायत की मुखिया पार्वती कुमारी एवं उपमुखिया रेणु कुमारी भी उपस्थित रहीं। विद्यालय प्रबंधन समिति में स्थानीय प्राधिकार से एक सदस्य का चयन किया जाना था, जिसके अंतर्गत मुखिया श्रीमती पार्वती कुमारी का चयन स्थानीय प्राधिकार के प्रतिनिधि सदस्य के रूप में किया गया। विद्यालय के प्राचार्य दिलीप कुमार सिन्हा ने नवगठित समिति को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि नई टीम से विद्यालय को और भी अधिक अपेक्षाएँ हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यालय प्रबंधन समिति के सक्रिय सहयोग एवं सहभागिता से विद्यालय के शैक्षणिक, सांस्कृतिक तथा आधारभूत विकास कार्यों को नई गति मिलेगी तथा विद्यालय निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर होगा।
इस निर्वाचन प्रक्रिया में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएँ सक्रिय रूप से उपस्थित रहे। साथ ही आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण एवं अभिभावक भी उपस्थित रहे, जिन्होंने पूरे निर्वाचन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम का समापन सभी निर्वाचित पदाधिकारियों एवं सदस्यों को बधाई तथा विद्यालय के सर्वांगीण विकास के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।