लावालौंग। प्रतिनिधि
प्रखंड कार्यालय सभागार में मंगलवार को झारखंड स्थापना दिवस मनाया गया। मौके पर बीडीओ अमित कुमार, प्रमुख मनीषा देवी, उप प्रमुख महमूद खान, मुखिया नेमन भारती व बैंक ऑफ इंडिया के शाखा प्रबंधक राजेश रंजन ने बिरसा मुंडा के तस्वीर पर माल्यार्पण किया। इसके बाद बिरसा मुंडा के साथ-साथ झारखंड में जन्मे अन्य वीर शहीदों के जीवन गाथा पर लोगों ने बारी-बारी से प्रकाश डाला। बीडीओ नें कहा कि देश और राज्य हित के लिए अनेकों क्रांतिकारी वीरों ने अपने प्राणों की कुर्बानियां दी है। आज हम खुली हवा में आजादी की सांस ले रहे हैं तो यह उन वीर शहीदों का ही देन है। हमें भी उनकी स्मृतियों को जिंदा रखते हुए अपने देश और राज्य की हर संभव तन मन से सेवा करनी चाहिए तभी उन वीर शहीदों की कुर्बानियां नाहक नहीं जाएगी। उनकी तरह देश सेवा ही उनके लिए असली श्रद्धा सुमन कहलाएगा। मौके पर उनके साथ प्रबंधक संजय कुमार चौहान, श्रवण रजक, बाबूलाल यादव, मुकेश यादव समेत अन्य लोग भी उपस्थित थे।