विधानसभा के मानसून सत्र से विपक्षी दल भाजपा के चारों विधायकों का निलंबन वापस कर लिया गया है। स्पीकर ने चारों विधायकों भानु प्रताप शाही, ढुल्लू महतो, जेपी पटेल और रणधीर सिंह का निलंबन वापस ले लिया है। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही संसदीय कार्य मंत्री आलमगीर आलम ने स्पीकर से निवेदन किया कि चारों विधायकों का निलंबन वापस ले लिया जाए। जिसके बाद स्पीकर ने विधायकों के निलंबन वापस लेने का फैसला लिया। स्पीकर ने भाजपा के बिरंचि नारायण के आग्रह पर झामुमो विधायक दीपक बरुआ और कांग्रेस विधायक उमाशंकर अकेला को चारों निलंबित विधायकों को सदन में लाने के लिए अधिकृत किया।
सबसे पहले सदन की कार्यवाही शुरू होने के पूर्व भाजपा विधायकों के निलंबन को वापस लेने की मांग लेकर भाजपा विधायकों ने स्पीकर कार्यालय का घेराव किया था। घेराव कर रहे विधायकों को स्पीकर रविंद्र नाथ महतो ने विधायकों का निलंबन वापस होने का आश्वासन दिया था। आश्वासन मिलने के बाद भाजपा विधायकों ने स्पीकर कार्यालय का घेराव समाप्त कर दिया था। निलंबन समाप्त होने के बाद सिमरिया विधायक किशन दास ने स्पीकर को धन्यवाद दिया और कहा कि सच्चाई की हमेशा जीत होती है।